स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्रामसभा मदारभारी के मजरे खमपुर में लाठी-डंडे, ईट, पत्थर, कुल्हाड़ी, गहदाला समेत धारदार हथियारों से दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए भीटी सीएचसी पहुंचाया, जहां घायलों की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।मदारभारी गांव निवासी अनिल कुमार पुत्र काशीराम ने थाने में दिए तहरीर में कहा है कि सुबह 7:30 बजे वह अपने पुराने दीवाल की ईट पूरे परिवार के साथ उजाड़ रहा था। इसी बात पर विपक्षीगण एकजुट होकर ईट, पत्थर, लाठी-डंडे समेत धारदार हथियार से पीड़ित व उसके परिजनों पर हमला बोल दिया। सुरेंद्र ने पीड़ित अनिल के ऊपर भाले से प्रहार कर दिया, जिससे अनिल के बाएं हाथ का पंजा फट गया। अभय राज ने अनिल के पिता के ऊपर कुल्हाड़ी से प्रहार कर दिया। जब पीड़ित जान बचाने के लिए हल्ला गुहार मचाते हुए अपने घर की तरफ भागा तो विपक्षी गणों ने घर में घुसकर फिर दोबारा उसकी पत्नी यशोदा के सिर पर प्रहार कर दिया। विपक्षियों ने धारदार हथियार और लाठी डंडं से घर में घुसकर जमकर मारपीट की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment